Tuesday, 9 April 2013

राजद सामाजिक न्याय का झंडा कभी झुकने नहीं देगा। इसकी बुनियाद ही सामाजिक न्याय से शुरू हुई है। ये बातें विधानसभा में विपक्ष के नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सोमवार को रविन्द्र भवन में आयोजित अखिल भारतीय रजवार विकास संघ द्वारा रजवार अधिकार रैली में कहीं। उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस राज्य में सरकार ने मेहनती लोगों को सम्मान देने का काम नहीं किया है। मुसहर और रजवार जाति के लोग सामाजिक रूप से पिछड़े रहे हैं। अनुसूचित जाति में रहने से इनकी हालत नहीं सुधर सकती। इन्हें अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल करना होगा। इसके लिए आंदोलन करने की जरूरत है, जिसमें राजद भी पूरा सहयोग देगा। श्री सिद्दीकी ने लोगों से अपील की कि दोस्त और दुश्मन का पहचान कीजिये। इस मौके पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने मोबाइल फोन से शुभकामना दी और कहा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की तबीयत खराब रहने के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने लोगों से परिवर्तन रैली में शिरकत करने की अपील की। बिहार विधान परिषद में विपक्ष के नेता गुलाम गौस ने लोगों को खुद इतिहास लिखने की नसीहत दी और कहा कि दूसरे द्वारा नसीहत लिखे जाने पर उसमें छेड़छाड़ की आशंका बनी रहती है। सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि दलित को महादलित बना दिया गया है, लेकिन हक और सम्मान नहीं दिया गया। हक दिलाने का काम सिर्फ राजद के कार्यकाल में किया गया। राजद में गरीबों पर जुल्म करने वालों को जेल जाना पड़ता था। आज उन्हें नक्सली बताकर जेल भेजा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment